पटरी पर रखा 7 फीट लंबा लोहे का पाइप, गुजर रही थी मालगाड़ी; रायपुर में टला बड़ा रेल हादसा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5.20 बजे गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक केएम नंबर 827/24 बी पर हुई। ट्रैक पर पाइप रखे जाने के दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
पटरी पर रखा था 7 फीट लंबा पाइप
जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। इसी दौरान मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी। ट्रैक पर लोहे की वस्तु रखे होने से रेल आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी थाना रायपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174 (सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जीआरपी के अनुसार रेलवे ट्रैक पर इस तरह कोई वस्तु रखना बेहद गंभीर अपराध है। इससे ट्रेन दुर्घटना होने के साथ यात्रियों की जान को भी खतरा पैदा हो सकता है। पुलिस घटना के पीछे आरोपी की मंशा का भी पता लगा रही है।
गुढ़ियारी पुलिस से मांगा सहयोग
आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से सहयोग मांगा है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि पाइप रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसे वहां रखने वाला व्यक्ति कौन था।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
रेलवे ट्रैक पर इस तरह भारी लोहे का पाइप रखा जाना रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। गनीमत रही कि समय रहते मामले की जानकारी सामने आ गई और बड़ा हादसा टल गया। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह महज शरारत थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

