मध्यप्रदेश

लाड़ली बहनों के खातों में आज आएंगे 1750 रुपए, CM मोहन का मैहर-उज्जैन दौरा; टैक्सी हड़ताल और ‘जेन अल्फा’ प्रदर्शन भी सुर्खियों में

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त का अंतरण करेंगे। इसके साथ ही वे मैहर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। राजधानी भोपाल में टैक्सी संचालकों की हड़ताल का आज दूसरा दिन है, वहीं स्कूली बच्चों का ‘जेन अल्फा’ प्रदर्शन भी चर्चा में है। भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में भी हंगामे के आसार हैं।

लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे 1750 रुपए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में प्रदेश की बहनों के खातों में 1500 रुपए अंतरित करेंगे। इसके साथ ही रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस तरह पात्र बहनों के खातों में कुल 1750 रुपए पहुंचेंगे।

मां शारदा के दर्शन करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मैहर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम से लाड़ली बहना योजना की राशि का अंतरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मां शारदा लोक फेज-1 का भूमिपूजन भी करेंगे। करीब 8.95 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना के साथ जिले में सड़क, भवन, पेयजल और अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी होगा। प्रशासन के अनुसार करीब 256 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात जिले को मिलेगी।

उज्जैन में एलिवेटेड ब्रिज का भूमिपूजन

मैहर के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचेंगे। यहां वे मकोड़ियाआम से हरिफाटक और निकास चौराहे से हरिफाटक के बीच बनने वाले एलिवेटेड ब्रिज का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री उज्जैन में अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे और इसके बाद इंदौर के लिए रवाना होंगे।

टैक्सी संचालकों की हड़ताल का दूसरा दिन

भोपाल में टैक्सी संचालकों की तीन दिवसीय हड़ताल का आज दूसरा दिन है। करीब 3500 टैक्सी चालक 18 से 20 अगस्त तक हड़ताल पर हैं। आज चालक बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना देंगे। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी परिवहन मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखेंगे।

टैक्सी संचालकों की प्रमुख मांगों में उचित और निर्धारित किराया लागू करना, निजी नंबर वाले वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक, चालकों की आर्थिक समस्याओं का समाधान और एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाना शामिल है।

भोपाल में स्कूली बच्चों का ‘जेन अल्फा’ प्रदर्शन

राजधानी में स्कूली बच्चों का विरोध प्रदर्शन भी चर्चा में है। डीएमएस में केंद्रीय विद्यालय के विलय के प्रस्ताव के विरोध में विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की। बताया गया कि क्षेत्रीय स्कूल के करीब 300 से 400 विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है, जिसे लेकर छात्रों में नाराजगी है।

नगर निगम परिषद की बैठक आज

भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक भी आज आयोजित होगी। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष और पार्षदों की ओर से सवाल उठाए जाने की संभावना है। विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन में हंगामे के भी आसार हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!