छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज आज, सरकार-विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर गरमाएगी सदन की कार्यवाही

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से हो रही है। 13 से 17 जुलाई तक चलने वाले इस पांच दिवसीय सत्र में सरकार आठ विधेयक पेश करेगी, जबकि विधायकों की ओर से 1033 प्रश्न लगाए गए हैं। नकटी गांव, बिजली व्यवस्था, महंगाई, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वे विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यसूची तय होने के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की रूपरेखा भी निर्धारित की जाएगी।
कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में
मानसून सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना चुका है। कांग्रेस ने 14 जुलाई को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। ऐसे में सदन के भीतर राजनीतिक टकराव तेज रहने की संभावना है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर कांग्रेस सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।
आदिम जाति विकास मंत्री करेंगे प्रेसवार्ता
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम सोमवार शाम 4 बजे नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान वे विभाग की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देंगे। प्रेसवार्ता में विभाग की प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा भी उपस्थित रहेंगी।
राजधानी में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन
रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन छत्तीसगढ़ तथा प्रदेश शौण्डिक समाज के संयुक्त तत्वावधान में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन दोपहर 3:30 बजे से होगा। वहीं छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत की बैठक सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोजित की जाएगी।



