बिलासपुर संभाग

विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता अभियान शुरू: जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के प्रचार वाहन को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी

11 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जाएगा जागरूक

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन को बढ़ावा देना, गर्भधारण के बीच उचित अंतराल बनाए रखने के प्रति जागरूकता फैलाना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

कलेक्टर ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट परिसर से जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा-2026 के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार कल्याण के साधनों, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, छोटे परिवार के महत्व तथा दो बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम “मां और बच्चे की भलाई के लिए गर्भधारण के बीच सही समय और उचित अंतराल” रखी गई है। वहीं अभियान का संदेश है—“जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल।” उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं और परामर्श की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग करेगा व्यापक जनजागरूकता

जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य विभाग विभिन्न कार्यक्रमों, शिविरों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) उत्कर्ष तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!