दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को मिले नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी: शेख समी उर रहमान ने संभाला पदभार

डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव का रायपुर मंडल में तबादला, जनसंपर्क की जिम्मेदारी अब शेख समी उर रहमान के हाथों में
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के पद पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 2015 बैच के अधिकारी शेख समी उर रहमान ने सोमवार को मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली, जिनका स्थानांतरण रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर किया गया है।
वाराणसी मंडल से बिलासपुर पहुंचे नए सीपीआरओ
पदभार ग्रहण करने से पहले शेख समी उर रहमान पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। रेलवे परिचालन, वाणिज्यिक प्रबंधन और जनसंपर्क से जुड़े कार्यों में उनका व्यापक अनुभव रहा है।
कई महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
अपने रेलवे सेवा काल में शेख समी उर रहमान सहायक परिचालन प्रबंधक, मंडल परिचालन प्रबंधक तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। विभिन्न जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने परिचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
वाराणसी मंडल में कार्यकाल के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए कई प्रभावी पहल कीं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए वर्ष 2024 में उन्हें भारतीय रेल के अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
दुर्ग के रहने वाले हैं शेख समी उर रहमान
शेख समी उर रहमान मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी में बीटेक की पढ़ाई की। इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) में हुआ और 14 दिसंबर 2016 से उन्होंने भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं।
जनसंपर्क गतिविधियों का करेंगे नेतृत्व
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अब शेख समी उर रहमान रेलवे की जनसंपर्क गतिविधियों, मीडिया समन्वय तथा रेलवे की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।



