बैंकॉक के नाइट क्लब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; 60 से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर

बैंकॉक ( शिखर दर्शन ) // थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल ने घंटों तक अभियान चलाया।
आधी रात के बाद लगी आग, तेजी से फैली लपटें
अधिकारियों के अनुसार, आग आधी रात के आसपास बैंकॉक के उत्तरी क्षेत्र स्थित ना लादप्राओ पब में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के कारण अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग बाहर निकलने की कोशिश में घायल हो गए।
प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों की संख्या 27 होने की पुष्टि करते हुए कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रधानमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
कई घायलों की हालत नाजुक
बैंकॉक प्रशासन के अनुसार, हादसे में घायल 63 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 22 लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि कई पीड़ितों के पास पहचान पत्र नहीं होने और कुछ के बेहोश होने के कारण उनकी पहचान करने में कठिनाई आ रही है।
जांच शुरू, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन विभाग और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



