बिलासपुर संभाग

मॉर्निंग वॉक मे निकले कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेरकर किया लहूलुहान

सिर, हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ वार; गंभीर हालत में रायपुर रेफर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // शहर में शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले श्याम कश्यप को तीन नकाबपोश हमलावरों ने घेर लिया और डंडों व नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नेता को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुबह 6:45 बजे वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे की है। श्याम कश्यप रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान रेलवे अस्पताल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात बदमाशों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, उन्हें घेर लिया। इसके बाद डंडों और नुकीले हथियार से लगातार हमला किया। हमले के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

लोगों ने बचाया, अस्पताल पहुंचाया

हमले में श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल नेता को रेलवे अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात तीनों हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

हमले के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े मॉर्निंग वॉक पर निकले एक राजनीतिक नेता पर हुए इस जानलेवा हमले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!