बिलासपुर संभाग

डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण की समीक्षा, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भाजपा का जोर

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाजपा डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के तहत शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रशिक्षण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महासमुंद सांसद एवं बिलासपुर जिला संगठन प्रभारी श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने जिला पदाधिकारियों, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों, प्रकोष्ठ संयोजकों, मंडल संगठन प्रभारी-सहप्रभारियों तथा मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्रियों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण की समीक्षा की।

बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देती है और सभी पदाधिकारियों को पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ऊर्जा विकास निगम (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने प्रशिक्षण प्राप्त पदाधिकारियों से अपने प्रमाण-पत्र जिलाध्यक्ष के पास जमा कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए प्रमाण-पत्र जमा करने हेतु दो दिन का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों और प्रभारियों के साथ बैठकें पूरी हो चुकी हैं तथा अब शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में 51 प्रतिशत मत प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ कार्य करना होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के माध्यम से पदाधिकारी, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रशिक्षण को गंभीरता से लागू करना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, महापौर वाणी राव, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, गुलशन ऋषि, सोमेश तिवारी, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, प्रदीप शुक्ला, केके शर्मा, पल्लव धर, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, घनश्याम कौशिक सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!