बिलासपुर संभाग

खेत की घेराबंदी बनी काल, करंट की चपेट में आकर मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत

बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र में हृदयविदारक हादसा, खेत में तीन शव मिलने से मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत की घेराबंदी के दौरान करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों—मां और उसके दो बेटों—की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खेत की घेराबंदी के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, दसन बाई सिंगरौल अपने खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके साथ उनके दोनों बेटे विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। काम करते समय अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए। बिजली का झटका इतना तेज था कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

शाम को खेत पहुंचा पति तो सामने था दिल दहला देने वाला मंजर

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां तीनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव

देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है।

जांच के बाद सामने आएगी हादसे की असली वजह

पुलिस का कहना है कि खेत की घेराबंदी के दौरान बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। इधर, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे ग्राम भाड़म में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!