तेज रफ्तार बोलेरो ने शिक्षिका को मारी टक्कर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

सरकंडा के चांटीडीह में हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जबकि घायल शिक्षिका का अस्पताल में उपचार जारी है।
स्कूल जाने के लिए कर रही थीं वाहन का इंतजार
जानकारी के अनुसार शिक्षिका रोज की तरह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मध्यप्रदेश पंजीयन की एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया और फिर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और आपातकालीन टीम ने घायल शिक्षिका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसके पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। आरोपी चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित यातायात निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है।



