बिलासपुर संभाग

“अपराधियों पर सख्ती, जनता से साझेदारी ही सुरक्षित समाज की पहचान” : हमर पहुना में बोले एसएसपी रजनेश सिंह

बिलासपुर प्रेस क्लब के संवाद कार्यक्रम में साइबर अपराध, नशे, महिला सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग पर रखी बेबाक राय

“अपराधियों पर सख्ती, जनता से साझेदारी और युवाओं की सकारात्मक शक्ति ही सुरक्षित समाज की पहचान”

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुलिसिंग के अनुभव, अपराध नियंत्रण की रणनीति, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान, स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस परिवार के कल्याण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रेस क्लब पहुंचने पर अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पत्रकारों के साथ हुए खुले संवाद में एसएसपी ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई, 22 को दिलाई उम्रकैद

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी के माध्यम से 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ न्यायालय में प्रभावी साक्ष्य प्रस्तुत करना भी पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जानकारी दी कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों की लगभग साढ़े नौ करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जिससे अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने में मदद मिली है।

महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ लगातार अभियान

एसएसपी ने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा बिलासपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश अपराधों की जड़ नशा है, इसलिए नशे के कारोबार और इससे जुड़े नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती

रजनेश सिंह ने वर्तमान समय में साइबर अपराध को पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए केवल कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में थाना स्तर पर “हमर संगवारी” समूह बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

बचपन का सपना बना पुलिस सेवा

अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए एसएसपी ने बताया कि बचपन में उनके स्कूल के पास एसपी कार्यालय था। वहां पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली और अनुशासन को देखकर उनके मन में पुलिस अधिकारी बनने का सपना जागा। प्रारंभिक शिक्षा ग्वालियर और सिंगरौली में पूरी करने के बाद उन्होंने रायपुर से एलएलबी की पढ़ाई की और लोक सेवा आयोग के माध्यम से पुलिस सेवा में चयनित हुए। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में वे बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत हैं।

दुर्ग में 16 डकैती का खुलासा, तकनीक बनी सफलता की कुंजी

उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दुर्ग जिले में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती के मामलों का सफल खुलासा किया गया। इसके लिए विशेष रणनीति, तकनीकी संसाधनों और मजबूत सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग किया गया, जिससे आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका।

स्मार्ट पुलिसिंग का आधार जनता का भरोसा

एसएसपी ने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग का अर्थ केवल आधुनिक तकनीक का उपयोग नहीं है, बल्कि मजबूत सूचना तंत्र, जनता का विश्वास और पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए पुलिस अस्पताल और पुलिस कैंटीन जैसी सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

युवाओं से किया समाज निर्माण का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान रजनेश सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा समाज, कानून और राष्ट्रहित के कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। यदि नागरिक अपराधियों की सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और सामाजिक भागीदारी से ही सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

प्रेस क्लब ने किया सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर बिलासपुर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!