अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ: पहला जत्था जम्मू से रवाना, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजा माहौल

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी, कड़ी सुरक्षा के बीच 28 अगस्त तक चलेगी पवित्र यात्रा
जम्मू ( शिखर दर्शन ) //
पहले जत्थे को दिखाई गई हरी झंडी
विश्व प्रसिद्ध श्री अमरनाथ यात्रा का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से सुबह उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘बम-बम भोले’ और ‘बाबा बर्फानी’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं ने जताया उत्साह

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, जो श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, ने आधार शिविर पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। यात्रियों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए यात्रा को लेकर उत्साह जाहिर किया।
पंजीकृत श्रद्धालुओं को मिली अनुमति
पहले जत्थे में केवल उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया गया, जिन्होंने पूर्व पंजीकरण कराया था तथा आरएफआईडी कार्ड और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से शुरू होकर 28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।
आधार शिविरों में पहुंचे हजारों श्रद्धालु
जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में श्रद्धालुओं का स्वागत करने के बाद उन्हें जम्मू भेजा गया। वहीं श्रीनगर के पंथाचौक आधार शिविर, गांदरबल के बालटाल तथा अनंतनाग के नुनवान आधार शिविर में भी हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इन श्रद्धालुओं को पहले जत्थे के साथ यात्रा पर रवाना किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीनगर एयरपोर्ट से पंथाचौक तक 131 सहायता काउंटर तथा 40 स्थानों पर तत्काल पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। विभिन्न लंगर समितियों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की 670 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), भारतीय सेना, सीआरपीएफ और कोबरा कमांडो भी यात्रा की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के काफिले को सुरक्षा बलों की विशेष एस्कॉर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
शुक्रवार से शुरू होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में पहुंचने के बाद श्रद्धालु शुक्रवार सुबह पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करेंगे, जहां बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफिले के गुजरने के समय अन्य वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक रहेगी।



