रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में सक्रिय हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून, आज और कल भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम का असर, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

पूरे प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। विभाग ने आज और कल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

रायपुर में बादलों का डेरा

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस ने लोगों को परेशान किया, जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार को भी शहर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुक रहा है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं।

अब तक सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि आगामी दिनों में लगातार बारिश होने से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

विभिन्न जिलों का तापमान

पिछले 24 घंटों में बलरामपुर-रामानुजगंज में सर्वाधिक 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34, जशपुर में 33.5, अंबिकापुर में 33.1, कोरबा में 32.9, दुर्ग में 30.6 और जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी का आज का मौसम

मौसम विभाग ने रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!