सीएम मोहन यादव की मैराथन बैठकें आज, आपातकाल दिवस पर विशेष कार्यक्रम, NEET मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

सीएम मोहन यादव करेंगे विभागीय समीक्षा, योजनाओं की राशि करेंगे जारी
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल में विभिन्न विभागों की मैराथन समीक्षा बैठकों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे मंत्रालय पहुंचकर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की समीक्षा करेंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की मई और जून माह की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में जारी करेंगे।
दोपहर 12:45 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन भवन में बैठक आयोजित होगी। वहीं दोपहर 3:30 बजे जल संसाधन विभाग और शाम 4:30 बजे नर्मदा घाटी विकास विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे।
आपातकाल दिवस पर विशेष सम्मान समारोह
देश में आपातकाल लागू होने के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग दो हजार मीसाबंदी परिवार शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदियों एवं उनके परिजनों का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से उनके योगदान और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
NEET मुद्दे पर कांग्रेस का देशव्यापी अभियान
NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी। पार्टी के 28 वरिष्ठ नेता विभिन्न राज्यों में पत्रकार वार्ताओं को संबोधित करेंगे।
भोपाल में दोपहर 12 बजे सहारनपुर सांसद इमरान मसूद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वहीं मध्य प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता अन्य राज्यों में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर मीडिया से संवाद करेंगे।
- नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार – इलाहाबाद
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी – नागपुर
- विक्रांत भूरिया – हैदराबाद
- जयवर्धन सिंह – बिलासपुर
कांग्रेस 25 जून से 9 अगस्त तक देशव्यापी आंदोलन चलाएगी। पार्टी NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाएगी। 9 अगस्त को दिल्ली में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है।



