अप्राकृतिक संबंध का विरोध करने पर युवक की हत्या, एक माह बाद पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री

गायब मोबाइल की लोकेशन बनी सुराग, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में करीब एक माह पहले मिले अज्ञात युवक के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अप्राकृतिक संबंध बनाने के दबाव का विरोध करने पर युवक की हत्या कर दी गई थी। तकनीकी जांच और गायब मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला था शव
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को इकोलॉजिकल पार्क के पास झागरिया हाईवे किनारे झाड़ियों में एक युवक का करीब पांच दिन पुराना शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान मंडीदीप निवासी राजेश राय के रूप में हुई। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिलने पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई और विशेष जांच टीम गठित की गई।
IMEI और कॉल डिटेल से मिला सुराग
मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी या ठोस भौतिक साक्ष्य नहीं मिलने से जांच चुनौतीपूर्ण हो गई थी। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के IMEI नंबर और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी के दौरान मोबाइल की सक्रिय लोकेशन अजय सिंह मेवाड़ा नामक युवक के पास मिली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शराब पिलाने के बाद सुनसान स्थान पर ले गया
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन उसने राजेश राय को शराब पिलाई और बाद में उसे बहाने से हाईवे के पास सुनसान स्थान पर ले गया।
वहां आरोपी ने मृतक पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब राजेश ने इसका विरोध किया और वहां से जाने का प्रयास किया, तब दोनों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पत्थर पर सिर पटककर की हत्या
विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर राजेश का सिर एक बड़े पत्थर पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
तकनीकी जांच से खुली हत्या की गुत्थी
पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा संभव हो सका। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



