बिलासपुर संभाग

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि कल, भाजपा मनाएगी ‘बलिदान दिवस’

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित की जाएगी श्रद्धांजलि, कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि 23 जून को “बलिदान दिवस” के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों का स्मरण करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 जून को प्रातः 8:30 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने भाजपा, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि बलिदान दिवस के अवसर पर कार्यकर्ता राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी लेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!