मध्यप्रदेश

रायपुर में आज: जैन समाज का ऐतिहासिक महोत्सव, बिजली दरों पर कांग्रेस का विरोध, मिशन-2028 की तैयारी में भाजपा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री साय होंगे आचार्य पदारोहण महोत्सव में शामिल

रायपुर (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में आज जैन समाज का ऐतिहासिक आचार्य पदारोहण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल होंगे। इस अवसर पर विनय कुशल मुनि जी महाराज को आचार्य पदवी प्रदान की जाएगी। जैन समाज के अनुसार लगभग 71 वर्षों बाद किसी जैन मुनि को यह सम्मान प्राप्त होने जा रहा है, जिसे लेकर समाज में विशेष उत्साह है।

बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान

प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस आज सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शन आयोजित करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न जिलों में पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार को घेरेंगे। कोरबा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा सरगुजा में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि बढ़ी हुई बिजली दरों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने 20 जून से जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण

प्रदेश कांग्रेस संगठनात्मक मजबूती के लिए 20 जून से 29 जून तक अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में जिला अध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी। शिविर में संगठन विस्तार, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 21 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी रायपुर पहुंचने की संभावना है।

किसानों के बीच पहुंचेगा भाजपा किसान मोर्चा, मिशन-2028 की तैयारी शुरू

आगामी विधानसभा चुनाव 2028 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने किसान मोर्चा को सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। किसान मोर्चा के पदाधिकारी प्रदेशभर में किसानों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। साथ ही किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और योजनाओं के लाभ की स्थिति का फीडबैक भी लेंगे। भाजपा इसे ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान

छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन 23 जून को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का आयोजन करेगा। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के उत्कृष्ट महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2036 ओलंपिक के समर्थन में 2036 पौधे लगाने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।

रायपुर में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का ईस्टर्न स्लैम स्क्वैश टूर्नामेंट

राजधानी रायपुर 22 से 27 जून तक प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 स्क्वैश प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। बूढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में सिंगापुर सहित देश के 21 राज्यों से लगभग 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता को एशियन स्क्वैश फेडरेशन और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन की मान्यता प्राप्त है। आयोजन को लेकर खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!