आज की बड़ी खबरें: मंत्रालय में विभागीय समीक्षा करेंगे CM साय, नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत आज से

बिजली दर वृद्धि पर कांग्रेस का हमला, रैपर एप्पी राजा का आज होगा अंतिम संस्कार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे, वहीं प्रदेशभर के स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। कांग्रेस बिजली दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जबकि प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी रैपर एप्पी राजा का अंतिम संस्कार उनके गृह क्षेत्र में किया जाएगा।
मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह महानदी भवन मंत्रालय पहुंचकर विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रशासनिक बैठकों और कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे।
आज से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
प्रदेश के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में आज से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो रही है। इसके साथ ही 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और साइकिलों का वितरण किया जाएगा। 30 जून को शाला प्रवेश उत्सव का राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
बिजली दर वृद्धि पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज दोपहर 12 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान बिजली दरों में बढ़ोतरी सहित विभिन्न जनहित और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष रखा जाएगा।
रैपर एप्पी राजा का आज अंतिम संस्कार
छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले लोकप्रिय रैपर एप्पी राजा का सोमवार को रायपुर एम्स में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार थे और उपचाररत थे। उनका अंतिम संस्कार आज कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में किया जाएगा।
आचार्य पदारोहण महोत्सव का आयोजन
सकल जैन समाज छत्तीसगढ़ और अखिल भारतीय खरतरगच्छ महासंघ के तत्वावधान में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आचार्य पदारोहण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शांतिधारा, सूरीमंत्र महापूजन, पंचकल्याणक पूजन तथा शाम को प्रसिद्ध गायिका अनुराधा पौडवाल की भक्तिमय प्रस्तुति होगी।
सामूहिक उपनयन संस्कार आज
महाराष्ट्र मंडल एवं महाराष्ट्र संस्कार केंद्र द्वारा चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन में सामूहिक उपनयन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।
रामायण कथा और रामलीला उत्सव
रामसागर पारा स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में रामायण कथा एवं रामलीला उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



