CG Morning News: मोदी सरकार के 12 साल पर भाजपा का विशेष आयोजन, कांग्रेस का प्रदर्शन आज, 8 यात्री ट्रेनें रहेंगी रद्द

राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज, जनसंपर्क अभियान से लेकर विरोध प्रदर्शन तक कई अहम कार्यक्रम आज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का व्यस्त दिन रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। वहीं जनसमस्याओं और सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। दूसरी ओर रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण आठ यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी। राजधानी में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, विशेष हवन का आयोजन
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रायपुर के आकाशवाणी स्थित काली मंदिर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
21 जून तक चलेगा भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान
भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान प्रदेशभर में 21 जून तक जारी रहेगा। अभियान के तहत मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता जनता के बीच पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। आज सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ता, विकास प्रदर्शनी और प्रोफेशनल मीट आयोजित किए जाएंगे। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाएं तथा 15 से 17 जून तक गांव, बस्ती और बूथ स्तर पर चौपाल कार्यक्रम होंगे।
सुशासन तिहार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बीरगांव के संयुक्त तत्वावधान में आज सुबह 11 बजे रावांभाठा स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार जमीनी हकीकत से दूर है और क्षेत्र की कई समस्याएं अब भी अनसुलझी हैं।
रेलवे ब्लॉक के कारण 8 यात्री ट्रेनें रहेंगी रद्द
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत रसमड़ा स्टेशन पर मालगोदाम लाइन निर्माण एवं नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रद्द रहने वाली ट्रेनें
- 68709 रायपुर-डोंगरगढ़ (10 एवं 11 जून)
- 68710 डोंगरगढ़-रायपुर (11 एवं 12 जून)
- 68711 डोंगरगढ़-गोंदिया (10 एवं 11 जून)
- 68712 गोंदिया-डोंगरगढ़ (10 एवं 11 जून)
- 68713 गोंदिया-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (10 एवं 11 जून)
- 68716 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-गोंदिया (10 एवं 11 जून)
- 68714 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-बालाघाट (10 एवं 11 जून)
- 68715 बालाघाट-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (10 एवं 11 जून)
आंशिक रूप से निरस्त ट्रेनें
- 68705 रायपुर-डोंगरगढ़ पैसेंजर केवल दुर्ग तक संचालित होगी।
- 68706 डोंगरगढ़-बिलासपुर पैसेंजर दुर्ग से प्रारंभ होगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
रक्तदाता सम्मान समारोह
आयोजक: सप्तशक्ति सेवा समिति
स्थान: वृंदावन हॉल, सिविल लाइन
समय: शाम 4 बजे से 7 बजे तक
परमानंद महोत्सव
स्थान: बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर
समय: सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक एवं वेदोक्त पाठ, रात्रि 8 से 9 बजे तक विशेष श्रृंगार दर्शन
भागवत कथा
आयोजक: श्रीलोहाणा महाजन रायपुर
स्थान: जैनम मानस भवन, विमानतल मार्ग
समय: सुबह 9:30 बजे मंडल पूजा, शाम 6 बजे नरसिंह प्राकट्य प्रसंग
राजधानी में आज राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की भी भरमार रहेगी, जिससे दिनभर शहर में विभिन्न कार्यक्रमों की रौनक बनी रहेगी।



