मध्यप्रदेश

रफ्तार और आग का कहर: जबलपुर में ट्रक ने स्कूटी सवार को रौंदा, अनूपपुर में चलते ट्रक में लगी भीषण आग

एक हादसे में युवक गंभीर घायल, दूसरे में जलकर खाक हुआ ट्रक; दोनों घटनाओं से मचा हड़कंप

जबलपुर/अनूपपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से सड़क हादसे और आगजनी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। जबलपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अनूपपुर में चलते ट्रक में अचानक आग लगने से पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। दोनों घटनाओं के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रक की टक्कर से युवक के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल

जबलपुर के खजरी खिरिया बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और घिसटने लगी। घर्षण के कारण ट्रक में भी आग लग गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक के पहियों की चपेट में आने से उसके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अनूपपुर में चलते ट्रक में लगी आग

दूसरी घटना अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर जंगल चौकी के पास हुई। गिट्टी से लदा एक ट्रक उमर्दा स्थित औद्योगिक परियोजना की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक का टायर फट गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

चालक और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

आग की लपटें उठते ही चालक और क्लीनर ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि कुछ ही देर में पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। सड़क के बीचोंबीच धू-धूकर जलते ट्रक को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!