जून की शुरुआत बारिश और अंधड़ के साथ, रायपुर समेत कई जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के आसार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में जून महीने की शुरुआत बदले हुए मौसम के साथ हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और वर्षा की संभावना जताई है।
मानसून की रफ्तार धीमी, हीटवेव का खतरा बरकरार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति अपेक्षाकृत धीमी पड़ गई है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ में इसके आगमन की संभावित तारीख आगे खिसक सकती है। मानसून में देरी के चलते जून के पहले पखवाड़े में प्रदेश के मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में ग्रीष्मलहर की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी बस्तर संभाग में अत्यधिक गर्मी को नियंत्रित करने में सहायक होगी।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। पेंड्रा में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर, कुटरू और अंबिकापुर में 4-4 सेंटीमीटर, तमनार और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बसना, कोमाखान, बागबहरा समेत कई क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के बावजूद कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर बना हुआ है।
रायपुर में आज बारिश और अंधड़ के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

