अगले 2 दिन और सताएगी गर्मी, राजधानी में आज हीटवेव की संभावना

नौतपा के चौथे दिन भीषण गर्मी से लोग बेहाल, कई इलाकों में बदला मौसम का मिजाज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नौतपा के चौथे दिन भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज अचानक बदला। कहीं तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई तो कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। वहीं कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने के बाद केवल बूंदाबांदी हुई और कुछ इलाके पूरी तरह सूखे रहे।
चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की नमी से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अगले दो दिनों तक प्रदेश में तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है और एक-दो क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चल सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
प्रदेश में बुधवार को कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- दुर्ग – 45.5 डिग्री
- कबीरधाम – 44 डिग्री
- बेमेतरा – 43.8 डिग्री
- जांजगीर-चांपा – 43.7 डिग्री
- रायपुर – 43.6 डिग्री
रायपुर में आज हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में 28 मई को हीटवेव चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।



