भाजपा को बड़ा झटका: योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन

प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान बिगड़ी तबीयत, कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन; राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। साय सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके आकस्मिक निधन की खबर से भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान बिगड़ी तबीयत
रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा स्थित आयोजन स्थल पर भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में शामिल होने पहुंचे थे। इस प्रशिक्षण अभियान की प्रभारी जिम्मेदारी भी उनके पास थी।

कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाजपा नेताओं की मौजूदगी में चल रहा था प्रशिक्षण वर्ग
सोमवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान रूपनारायण सिन्हा को हार्ट अटैक आया।
संगठन के लिए अपूरणीय क्षति: धरमलाल कौशिक
भाजपा नेता और विधायक धरमलाल कौशिक ने रूपनारायण सिन्हा के निधन को भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने लंबे समय तक संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका अदा की।
पोस्टमार्टम के बाद रायपुर ले जाया गया पार्थिव शरीर
जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर रायपुर रवाना हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके निधन से गहरा शोक व्याप्त है।



