12 साल बेमिसाल: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदला भारत का वैश्विक चेहरा

पीएम मोदी बोले- “भारत और भाजपा मेरी मां”, 12 वर्षों की यात्रा पर देशभर से मिल रही बधाइयां
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे कर लिए। 26 मई 2014 को देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने आज अपने शासन का 12वां वर्ष पूर्ण किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, एनडीए के नेताओं समेत देशभर के कई राजनीतिक और सामाजिक व्यक्तित्वों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में ऐतिहासिक जनादेश के बाद संसद के सेंट्रल हॉल में दिए गए अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा था कि “भारत मेरी मां है और भाजपा भी मेरी मां है, बेटा कभी मां पर कृपा नहीं कर सकता।” उनके इस बयान को आज भी भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक यादगार क्षण के रूप में याद करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के योगदान को भी नमन किया था। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा था कि कई ऐसे कार्यकर्ता देखे हैं जिनके शरीर पर एक ही कपड़ा होता था, लेकिन हाथ में भाजपा का झंडा जरूर रहता था। उन्होंने कहा था कि जनता ने भाजपा को केवल सत्ता नहीं, बल्कि आशा और विश्वास का जनादेश दिया है।
योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई।”
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, विश्वसनीय और निर्णायक नेतृत्व के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
2014 से 2026 तक का सफर बना राजनीतिक इतिहास
16 मई 2014 को लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद 20 मई को नरेंद्र मोदी को भाजपा संसदीय दल का नेता चुना गया था। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने कई बड़े फैसले लिए, जिनमें डिजिटल इंडिया अभियान, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, जी-20 की मेजबानी, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत उपस्थिति जैसे कदम शामिल रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण दौर माना जा रहा है, जिसने देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और वैश्विक छवि को नए आयाम दिए हैं।



