बिलासपुर संभाग

भाजपा का ‘प्रशिक्षण महाअभियान’ तैयारियों के अंतिम चरण में

रूपनारायण सिन्हा के आतिथ्य में तैयारियों की समीक्षा, 25 मई से शुरू होगा दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रशिक्षण प्रभारी एवं योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के आतिथ्य में आयोजित तैयारी बैठक के दौरान सभा स्थल झूलेलाल मंगलम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंच, बैठक, आवासीय और भोजन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

रूपनारायण सिन्हा ने जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चल रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आयोजन समिति की सराहना की। भाजपा संगठन इस प्रशिक्षण अभियान को संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मान रहा है।

25 मई से शुरू होगा दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

भाजपा के इस दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 25 मई से किया जाएगा, जिसमें अपेक्षित पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रशिक्षण के दौरान संगठन विस्तार, विचारधारा, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, इतिहास, विकास और समकालीन राजनीतिक विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पहले दिन होंगे संगठन और मीडिया प्रबंधन पर सत्र

प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र को बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल संबोधित करेंगे। दूसरे सत्र का उद्घाटन क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नि करेंगे। तीसरे सत्र में संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

चौथे सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला “मीडिया प्रबंधन” विषय पर संबोधित करेंगे। पांचवां सत्र संभाग प्रभारी एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के आतिथ्य में संपन्न होगा, जिसमें वे कार्य विस्तार और संगठनात्मक मजबूती पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।

छठवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

दूसरे दिन इतिहास, राजनीति और विचारधारा पर होगा मंथन

दूसरे दिन सातवें सत्र में प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई डिजिटल और आईटी विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। आठवें सत्र में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक “हमारा इतिहास एवं विकास” विषय पर संबोधित करेंगे।

नौवें सत्र में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल “देश के समक्ष चुनौतियां, राजनीति एवं सामाजिक विषय” पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इसी सत्र में प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक श्रद्धा मिश्रा भी अपने विचार रखेंगी।

दसवें सत्र में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा “विचार परिवार” विषय पर संबोधन देंगे। इसके बाद 11वें सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अखिलेश जैन “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

समापन समारोह में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री अरुण साव

प्रशिक्षण महाअभियान के समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे। भाजपा संगठन इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति की दृष्टि से बेहद अहम मान रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!