CG Weather Update : आग उगल रही गर्मी से छत्तीसगढ़ बेहाल, बिलासपुर बना प्रदेश का सबसे तपता शहर, अगले 5 दिन लू का कहर जारी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बिलासपुर बुधवार को सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट भी दिया गया है।
प्रदेशभर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बिलासपुर में 45 डिग्री पहुंचा पारा, कई जिले 43 के पार
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 20 मई को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मुंगेली में 43.9 डिग्री, सक्ती में 43.8 डिग्री, बालोद और कबीरधाम में 43.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में रही, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू चल सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गर्मी से बचने के लिए जारी की गई एडवाइजरी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर ढंकने की अपील की है।
विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि लू और डिहाइड्रेशन का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
बारिश की गतिविधियां लगभग थमीं
प्रदेश के एक-दो इलाकों में हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल बारिश की कोई बड़ी संभावना नजर नहीं आ रही है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।



