लखपति दीदी मंजू की संघर्षगाथा बनी आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुपचुप स्टॉल पहुंचकर बढ़ाया हौसला
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सुशासन तिहार के अंतर्गत Vishnu Deo Sai के कोरबा जिले के लेमरू प्रवास के दौरान आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी “लखपति दीदी” श्रीमती मंजू द्वारा संचालित छोटे से स्टॉल पर पहुंचकर उनके हाथों से बने चटपटे गुपचुप का स्वाद लिया और उनसे आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान मंजू ने बताया कि उन्होंने बेहद छोटे स्तर से अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी। गुपचुप स्टॉल से होने वाली बचत और लगातार मेहनत के दम पर आज वे भवन निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली “सेंटरिंग प्लेट” के व्यवसाय से भी जुड़ चुकी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने हौसले, मेहनत और आत्मविश्वास से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है।
मुख्यमंत्री साय ने मंजू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी योजना” आज महिलाओं के आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती मंजू को योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जब मेहनत को अवसर और हौसलों को सहारा मिलता है, तब उसका असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे गांव और समाज में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देता है।


