रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ को मिला पूर्णकालिक डीजीपी, अरुण देव गौतम की नियुक्ति का आदेश जारी

UPSC पैनल की अनुशंसा के बाद राज्य शासन ने जारी किया आदेश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ शासन ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी Arun Dev Gautam को प्रदेश का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। राज्य शासन की ओर से उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया गया है। अब तक वे प्रभारी डीजीपी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा पुलिस महानिदेशक पद के लिए गठित पैनल की अनुशंसा के बाद राज्य सरकार ने नियमित नियुक्ति का फैसला लिया। अरुण देव गौतम को प्रशासनिक दक्षता, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग के अनुभव के लिहाज से प्रदेश के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।

किसान परिवार से निकलकर पहुंचे शीर्ष पद तक

अरुण देव गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव के निवासी हैं। उनका जन्म 2 जुलाई 1967 को एक किसान परिवार में हुआ। परिवार में पांच भाई और एक बहन हैं। उन्होंने आठवीं तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल में की। इसके बाद आगे की शिक्षा के लिए प्रयागराज पहुंचे, जहां राजकीय इंटर कॉलेज इलाहाबाद से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।

उन्होंने University of Allahabad से कला संकाय में स्नातक और राजनीति शास्त्र में परास्नातक किया। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए Jawaharlal Nehru University पहुंचे, जहां से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की।

पहली असफलता के बाद दूसरी कोशिश में बने IPS

पोस्ट ग्रेजुएशन के दौरान उनके कई साथियों के यूपीएससी में चयन होने से प्रेरित होकर उन्होंने भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। पहली बार असफल रहने के बाद उन्होंने पूरी ताकत के साथ दोबारा तैयारी की और दूसरी कोशिश में आईपीएस के लिए चयनित हुए।

12 अक्टूबर 1992 को उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा जॉइन की। शुरुआती दौर में उन्हें मध्यप्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग जबलपुर में हुई। इसके बाद वे बिलासपुर में सीएसपी, कवर्धा में एसडीओपी और भोपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रहे। वे मध्यप्रदेश पुलिस की 23वीं बटालियन के कमांडेंट भी रह चुके हैं। एसपी के रूप में उनका पहला जिला राजगढ़ रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!