तालाब में मछली पकड़ने को लेकर खूनी संघर्ष, बच्चे समेत कई घायल, 20 लोगों पर केस दर्ज

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों में चले लाठी-डंडे, इलाके में तनाव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में तालाब में मछली पकड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मछली पकड़ने की बात पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार विवाद तालाब में मछली मारने को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। घटना के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कई लोग घायल हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।



