होटल के कमरे से चल रहा था इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड रैकेट, ग्वालियर में 4 नर्सिंग छात्र गिरफ्तार

पाकिस्तान नंबरों से व्हाट्सएप कॉलिंग के मिले सबूत, होटल से एटीएम कार्ड और मोबाइल जब्त
ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शहर के सिटी सेंटर इलाके स्थित हेरिटेज ग्वालियर होटल में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी नर्सिंग के छात्र बताए जा रहे हैं।
होटल के कमरे से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने होटल के रूम नंबर 101 में दबिश देकर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। मौके से 9 एटीएम कार्ड, 15 हजार 200 रुपए नकद और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में साइबर बैंकिंग फ्रॉड से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
धर्मवीर सिंह के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल डेटा की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान के कंट्री कोड +92 वाले नंबरों पर व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क में थे। इसके अलावा संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट से जुड़ी जानकारी शेयर करने के संकेत भी मिले हैं।
कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं तार
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित था या इसके तार दूसरे राज्यों और अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोहों से भी जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस रिमांड मिलने के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अंकित गुर्जर, अजय शर्मा, सौरभ कुमार सेजवाल और सौरभ श्रीवास को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्वालियर, धौलपुर और मुरैना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
साइबर नेटवर्क को लेकर बढ़ी चिंता
मामला सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। कम उम्र के छात्रों का अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़ना जांच एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।



