बिलासपुर संभाग

अस्पताल में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट, दो कर्मचारी झुलसे

रूटीन मेंटेनेंस के दौरान हादसा, सिम्स में चल रहा इलाज

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // कोनी स्थित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सोमवार को ट्रांसफॉर्मर पैनल में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। रूटीन जांच के दौरान हुए इस हादसे में सीपीडब्ल्यूडी से जुड़े दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में रही।

घायलों की पहचान इलेक्ट्रिशियन शिवशंकर कंवर और इंजीनियर यश अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों नियमित जांच के लिए ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बिजली सप्लाई बंद थी और फॉल्ट जांचने के बाद जैसे ही सिस्टम को चालू किया गया, अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास का क्षेत्र गूंज उठा और दोनों कर्मचारी इसकी चपेट में आकर झुलस गए।

हादसे के बाद दोनों को अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रभारी अधिकारी डॉ. बीपी सिंह की निगरानी में इलाज शुरू किया गया और स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्बुलेंस से सिम्स रेफर किया गया। वर्तमान में दोनों का उपचार सिम्स के कैजुअल्टी वार्ड में जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यश अग्रवाल को हल्की जबकि शिवशंकर कंवर को अधिक झुलसन हुई है, हालांकि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि यह हादसा रूटीन मेंटेनेंस के दौरान हुआ। ट्रांसफॉर्मर सीपीडब्ल्यूडी के नियंत्रण में है और उसी के माध्यम से अस्पताल को बिजली आपूर्ति होती है। सिस्टम को सक्रिय करते ही ब्लास्ट हुआ, जिसकी जांच की जा रही है।

इस घटना ने अस्पताल की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश के बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल इस संस्थान में इस तरह की घटना से मेंटेनेंस और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!