बिलासपुर में तेज रफ्तार का कहर: कार-ऑटो भिड़ंत में महिला की मौत, कई घायल

मोहला-मानपुर में भी बड़ा हादसा, NH-930 पर कार पलटने से 10 लोग घायल
बिलासपुर/मोहला-मानपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ब्रिज के पास एक कार और सवारी ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं प्रदेश के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में भी बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-930 पर खड़गांव थाना अंतर्गत ग्राम कमानसुर के पास एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। सभी घायल बालोद जिले के भरदा कला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो कांकेर जिले के शिलपट गांव में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गौरतलब है कि इसी नेशनल हाईवे-930 पर एक दिन पहले भी एक मालवाहक वाहन के खाई में गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे की बदइंतजामी पर सवाल उठाते हुए सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।



