नशे की आग में रिश्तों का खून: पोते ने दादी की बेरहमी से हत्या, डोंगरगढ़ दहला

दो दिन में दूसरी वारदात से दहशत, पुलिस जांच में जुटी
डोंगरगढ़ ( शिखर दर्शन ) // धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नशे के आदी युवक ने रिश्तों की सारी सीमाएं लांघते हुए अपनी ही दादी की निर्मम हत्या कर दी। वार्ड क्रमांक 24 के कश्मीरी पारा इलाके में सोमवार दोपहर हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पोते ने धारदार चाकू से अपनी बुजुर्ग दादी पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और उसका अपनी दादी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार वह मारपीट तक कर चुका था, ऐसे में इस जघन्य हत्या के पीछे पारिवारिक तनाव और नशे की लत को मुख्य वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रामाटोला क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की हत्या हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने डोंगरगढ़ में कानून-व्यवस्था और सामाजिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।




