‘नीले ड्रम’ के बाद ‘बक्सा कांड’: पत्नी की हत्या कर संदूक में सीमेंट से किया पैक

गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाकर बचना चाहता था पति, बेटे को मिली चिट्ठी से खुला राज
सूरत ( शिखर दर्शन ) // देश में चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड के बाद अब गुजरात के सूरत से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे ‘बक्सा कांड’ कहा जा रहा है। यहां एक पति ने अपनी डाइटिशियन पत्नी की हत्या कर उसके शव को लकड़ी के संदूक में छिपाकर ऊपर से सीमेंट भर दिया, ताकि किसी को शक न हो।
जानकारी के अनुसार, गोड़ादरा इलाके के रहने वाले 40 वर्षीय विशाल रणछोड़भाई साल्वी ने अपनी 39 वर्षीय पत्नी शिल्पा साल्वी की गुमशुदगी की रिपोर्ट खुद ही थाने में दर्ज कराई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
मामले ने उस वक्त मोड़ लिया, जब आरोपी द्वारा छोड़ी गई एक चिट्ठी उसके नाबालिग बेटे के हाथ लग गई। चिट्ठी में उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल करते हुए लिखा था कि उससे बड़ी गलती हो गई है और उसकी पत्नी अब जीवित नहीं है। बेटे ने यह चिट्ठी पुलिस को सौंप दी, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
जांच के दौरान पुलिस सलाबतपुरा थाना क्षेत्र की श्रमजीवी सोसाइटी स्थित एक बंद मकान तक पहुंची। मकान खोलने पर एक कमरे में रखे लकड़ी के संदूक से तेज दुर्गंध आ रही थी। जब संदूक खोला गया, तो उसमें महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव को छिपाने के लिए संदूक में सीमेंट भरा गया था, ताकि बदबू बाहर न फैले और किसी को संदेह न हो।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी घटना के बाद फरार है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।




