आग उगलता आसमान: छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर, रायपुर में 45 डिग्री का रेड अलर्ट

लू के थपेड़ों से बेहाल लोग, बस्तर में बारिश की हल्की राहत
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज दो तरह का देखने को मिल रहा है, जहां बस्तर संभाग में हल्की राहत के संकेत हैं, वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। लगातार दूसरे दिन राजधानी रायपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और आज इसके 45 डिग्री तक जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर को लेकर चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। बिलासपुर में सबसे अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोग दिन में घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए, जबकि जरूरी काम से निकलने वाले सिर ढंककर या छतरी का सहारा लेते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे दिनभर तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
दूसरी ओर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, खासकर बस्तर क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं पहुंचने लगी हैं, जिससे वहां हल्की बारिश और आंशिक राहत के आसार बन रहे हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
राजनांदगांव इस सीजन में सबसे गर्म जिलों में बना हुआ है, जहां हाल ही में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं रायपुर, माना, दुर्ग, अंबिकापुर और जगदलपुर सहित कई जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं।


