रायपुर संभाग

CM साय का शिवरीनारायण दौरा, निगम की बैठक और छात्र आंदोलन आज

भूख हड़ताल से लेकर बोर खनन पर रोक तक, प्रदेश में आज कई अहम गतिविधियां

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1 बजे ग्राम तेंदुवाधाम पहुंचेंगे, जहां जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा के शुभारंभ से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रात 9 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

राजधानी रायपुर में आज नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आयोजित की जाएगी। सुबह 11 बजे निगम मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। वहीं विपक्ष शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

इधर पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में छात्र संगठन एनएसयूआई आज एकदिवसीय भूख हड़ताल करेगा। संगठन द्वारा आरएसएस-एबीवीपी के कार्यक्रमों के विरोध के साथ पानी, फीस और पारदर्शी परीक्षा परिणाम जैसे मुद्दों को लेकर दोपहर करीब 1:30 बजे यूनिवर्सिटी कैंपस में प्रदर्शन किया जाएगा।

रायपुर जिले में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बोर खनन पर अस्थायी रोक लगा दी है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 15 जुलाई तक जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है, ताकि जल स्रोतों का संरक्षण किया जा सके और नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में 27 अप्रैल से 5 मई तक 9 दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज द्वारा प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा।

राजधानी रायपुर में आज सामाजिक कार्यक्रमों की भी हलचल रहेगी। सुबह 10 बजे मां महामाया मंदिर से तहसील कार्यालय तक गौ सम्मान आह्वान अभियान यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें संत समाज और गौ सेवक गण शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!