बंगाल चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग से गदगद CJI सूर्यकांत, बोले- लोकतंत्र की मजबूती का संकेत

92% से अधिक मतदान पर जताई खुशी, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान की अहम टिप्पणी
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि 92 प्रतिशत से अधिक मतदान लोकतंत्र की मजबूती का स्पष्ट संकेत है और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि एक नागरिक के रूप में लोगों को बढ़-चढ़कर मतदान करते देख उन्हें अत्यंत संतोष हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए जनता की भागीदारी बेहद आवश्यक है और इस तरह का उत्साह देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत करता है।
यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान सामने आई, जिसमें 71 याचिकाकर्ताओं ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। इस पर कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों के समाधान के लिए संबंधित पक्षों को पहले उच्च न्यायालय का रुख करना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों के लिए पहले से ही दिशा-निर्देश तय हैं और प्रत्येक व्यक्तिगत मामले में सर्वोच्च न्यायालय का हस्तक्षेप संभव नहीं है। यदि किसी प्रकरण में विशेष न्यायिक हस्तक्षेप की आवश्यकता हो, तो संबंधित पक्ष उच्च न्यायालय में अपील कर सकते हैं।
इस बीच, कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा मतदाता सूची से नाम हटाने से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए 19 अपीलीय ट्रिब्यूनल गठित किए गए हैं, जो प्रभावित लोगों की अपीलों पर विचार कर रहे हैं।



