आस्था का अद्भुत नजाराः केदारनाथ धाम के कपाट खुले, गूंजा ‘हर-हर महादेव’

पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, CM धामी ने की विशेष पूजा
केदारनाथ ( शिखर दर्शन ) // हिमालय की गोद में बसे भगवान केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। मंगलवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कपाट खुलने के साथ ही धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए थे और दर्शन शुरू होते ही लंबी कतारों में भक्तों की उत्साहपूर्ण भीड़ दिखाई दी। कई श्रद्धालु महीनों से इस क्षण का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरा हुआ।
चारधाम यात्रा का आगाज पहले ही हो चुका है, लेकिन केदारनाथ धाम के खुलने के साथ यात्रा ने और गति पकड़ ली है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गौरीकुंड होते हुए धाम पहुंची थी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कपाट खुलने की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद अब नियमित रूप से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद अब केदारनाथ के द्वार खुलने से पूरे उत्तराखंड में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।



