नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्राला चालक जिंदा जला

समलपुरी ब्रिज के पास टक्कर के बाद लगी आग, मौके पर ही दर्दनाक मौत

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में ट्राला चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। सकरी थाना क्षेत्र के समलपुरी ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राला एक अज्ञात वाहन से टकरा गया, जिसके बाद ट्राला में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
हादसा इतना भयावह था कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह ट्राले में ही जिंदा जल गया। मृतक की पहचान झारखंड निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को नियंत्रित किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्य—
- तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
- ट्राला अज्ञात वाहन से टकराया
- टक्कर के बाद वाहन में लगी भीषण आग
- चालक को निकलने का नहीं मिला मौका
पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त ट्राले को सड़क से हटाने की कार्रवाई जारी है, ताकि आवागमन सामान्य किया जा सके। फिलहाल इस हादसे में अन्य किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को झपकी आना प्रतीत हो रहा है। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही हाईवे को जल्द से जल्द पूरी तरह क्लियर कराने के प्रयास जारी हैं, ताकि यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सके।



