वेदांता पावर प्लांट हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 20, कई राज्यों के मजदूर शामिल, 15 घायल अस्पतालों में भर्ती

सक्ती (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। प्रशासन की ओर से जारी ताजा सूची के अनुसार मृतकों में 5 लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मृतक अन्य राज्यों से हैं। हादसे में घायल 15 मजदूरों का इलाज प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों के बेहतर उपचार के लिए 5 एयर एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था की गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कलेक्टर व एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की है। मृतकों के शवों को उनके गृहग्राम भेजने की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। वहीं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये की सहायता राशि और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी मुआवजे का ऐलान किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।


