बिलासपुर संभाग

अंबेडकर जयंती पर ग्रामसभाएं: कलेक्टर पहुंचे छतौना, जनभागीदारी से विकास पर जोर

जल संरक्षण, पोषण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामसभाओं के तहत कलेक्टर संजय अग्रवाल तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत छतौना पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया।

ग्रामसभा की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से श्री दीनबंधु को ग्रामसभा का अध्यक्ष चुना गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह गांव के विकास का सबसे सशक्त मंच है, जहां आमजन की भागीदारी से योजनाएं बनती हैं और उनका बेहतर क्रियान्वयन संभव होता है। उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सुपोषित बनाने, पालक चौपाल के जरिए जागरूकता बढ़ाने और जल संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने गिरते जलस्तर को देखते हुए हर घर में सोख्ता गड्ढा बनाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। पोषण पखवाड़ा के तहत कलेक्टर ने ग्रामीणों को सुपोषण की शपथ भी दिलाई और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने कहा कि ग्रामसभा लोकतंत्र की आधारभूत इकाई है, जहां सामूहिक विचार-विमर्श से विकास की ठोस योजना तैयार होती है। ग्रामसभा में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पोषण सुधार और आवास योजना समेत विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें शामिल किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!