बिलासपुर संभाग

‘मोदी की गारंटी’ के वादे पूरे करने की मांग, बिलासपुर में कर्मचारियों की महारैली; हड़ताल की चेतावनी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) //  विधानसभा चुनाव से पहले जारी जनघोषणा पत्र ‘मोदी की गारंटी’ में किए गए वादों को लागू करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ से संबद्ध संगठनों ने बुधवार को बिलासपुर में संभागीय प्रदर्शन किया। विकास भवन के सामने नेहरू चौक पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने धरना दिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए महारैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

आठ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

संघ के संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी और जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा के अनुसार, जनघोषणा पत्र में कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कई वादे किए गए थे, लेकिन करीब तीन वर्ष बीतने के बाद भी मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में संघ के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संभागीय स्तर पर प्रदर्शन किया गया।

केंद्र के समान महंगाई भत्ता और कैशलेस इलाज की मांग

कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता देने की मांग शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने तथा पेंशनरों के लिए आंध्रप्रदेश की तर्ज पर व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई है।

संघ ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को 70 वर्ष की आयु पर पेंशन में 10 प्रतिशत, 75 वर्ष की आयु पर 15 प्रतिशत और 80 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत की वृद्धि दी जाए। इसके साथ ही अन्य छह मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग की गई।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मांगों के लंबित रहने से कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई तथा आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आगे प्रदेशव्यापी हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

धरना प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए महारैली निकाली। रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर बिलासपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन में संभाग के विभिन्न जिलों से कर्मचारी प्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!