बिलासपुर संभाग

महानदी के सैलाब में फंसी 9 जिंदगियां, अंधेरी रात में पुलिस बनी सहारा; तैरकर आश्रम पहुंची टीम

रात के अंधेरे में करीब 3 घंटे चला रेस्क्यू अभियान, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग साधुओं समेत सभी को सुरक्षित निकाला

धमतरी ( शिखर दर्शन ) //  लगातार बारिश के बाद उफनती महानदी के बीच धमतरी पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला में बाढ़ के पानी से घिरे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 3 बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग साधु और एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति शामिल था। रात के अंधेरे में करीब 3 घंटे चले इस अभियान में पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सभी लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों से सूचना मिली कि कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला बाढ़ के पानी से घिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा एएसपी और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में करेलीबड़ी चौकी की टीम तत्काल रवाना हुई।

3 किलोमीटर पैदल चलकर आश्रम तक पहुंची पुलिस टीम

मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से कुलेश्वर महादेव मंदिर तक बाढ़ का पानी भर जाने के कारण आश्रम तक पहुंचने का सामान्य रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया था। इसके बावजूद चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम नवागांव की ओर से नदी किनारे करीब 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय करते हुए आगे बढ़ी।

इसके बाद चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू और स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने करीब 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार किया। पुलिस टीम ने दो बार पानी में फेरे लगाकर आश्रम तक पहुंच बनाई और वहां फंसे लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

बढ़ते जलस्तर और अंधेरे के बीच चला रेस्क्यू

लगातार बढ़ते जलस्तर और रात के अंधेरे के बीच जवानों ने बेहद सावधानी से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब रात 1 बजे तक चली मशक्कत के बाद आश्रम में फंसे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

इन 9 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

रेस्क्यू किए गए लोगों में दुर्गेशचंद्र प्रधान, उनकी पत्नी पूनम प्रधान और उनके बच्चे उपासना, अघनी व अंश प्रधान शामिल हैं। इनके अलावा नेहरू राम साहू, 81 वर्षीय साधु धारानंद महात्मा, 77 वर्षीय फकलूरम महानंद और करीब 55 वर्षीय एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया अभियान

रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे, प्रआर लोकेश नेताम, प्रआर हरिश सोरी, आरक्षक अनिल कुमार साहू, विश्वजीत वर्मा और यशवंत लहरी के साथ ग्रामीण नंदेश साहू तथा सरपंच पति अवधराम साहू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से बाढ़ में फंसे सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। स्थानीय ग्रामीणों ने धमतरी पुलिस की इस साहसिक और मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!