रायपुर संभाग

बारिश के चलते बदलेगा गणेश विसर्जन झांकी का कार्यक्रम, रायपुर में 27 की जगह 28 सितंबर को निकल सकती है झांकी

राजनांदगांव में भी बदली तारीख, 25 की जगह 26 सितंबर को निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // अनंत चतुर्दशी के साथ आज गणेश उत्सव का समापन होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रायपुर पहुंचने की संभावना है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण गणेश विसर्जन झांकियों के कार्यक्रम में बदलाव की स्थिति बन गई है।

रायपुर में 27 सितंबर की जगह 28 को निकल सकती है झांकी

प्रशासन ने पहले रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के लिए 27 सितंबर रविवार की तारीख तय की थी। लेकिन प्रदेश में लगातार जारी बारिश को देखते हुए अब झांकी का कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में सोमवार 28 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं की झांकी निकाले जाने की संभावना है।

इस संबंध में प्रशासन और गणेश समितियों के बीच बैठक प्रस्तावित है। बैठक में मौसम की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद सभी गणेश समितियों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी।

राजनांदगांव में भी बदला झांकी का कार्यक्रम

राजनांदगांव में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण गणेश विसर्जन झांकी की तारीख में बदलाव किया गया है। यहां पहले 25 सितंबर को झांकियां निकाली जानी थीं, लेकिन बारिश को देखते हुए गणेश समितियों की बैठक में सर्वसम्मति से 26 सितंबर शनिवार को झांकी निकालने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान झांकी समिति के पदाधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

बारिश को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट

राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के अनुसार, शुक्रवार को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी को लगातार हो रही बारिश के कारण स्थगित कर शनिवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। गणेश समितियों के साथ चर्चा के बाद यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया।

वहीं रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में झांकी की तारीख बदले जाने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जा रही है। रायपुर में अभी तारीख परिवर्तन को लेकर अंतिम सूचना प्राप्त नहीं हुई है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!