मध्यप्रदेश

MP Morning News: मोहन कैबिनेट की बैठक आज, कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रदर्शन; TET के खिलाफ शिक्षकों का धरना जारी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय हो सकता है। वहीं कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का धरना भी जारी रहेगा। उज्जैन के घटनाक्रम को देखते हुए भोपाल पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।

मोहन कैबिनेट की बैठक आज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के करीब 58 लाख विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस के लिए डीबीटी के माध्यम से राशि जारी करने के प्रस्ताव पर फैसला हो सकता है।

टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने के कारण सरकार ड्रेस उपलब्ध कराने के बजाय विद्यार्थियों के खातों में सीधे राशि देने के विकल्प पर विचार कर रही है। सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को सरकार की ओर से ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है।

इसके अलावा दमोह में नवीन मार्ग तथा वर्ष 2031 तक जारी रहने वाली विभिन्न योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह करीब 10.45 बजे भोपाल स्थित मंत्रालय पहुंचेंगे और 11 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 1.45 बजे मुलाकात के लिए समय निर्धारित है। इसके बाद दोपहर 2.45 बजे अखिल भारतीय कालिदास समारोह की केंद्रीय समिति की बैठक में शामिल होंगे।

वीडी शर्मा ने प्रदेश प्रभारी से की मुलाकात

पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मध्य प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देव से मुलाकात की। इसे सौजन्य भेंट बताया गया है। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है।

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रदर्शन

28 सितंबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश कांग्रेस आज जिला स्तर पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपेंगे।

कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष आज ग्वालियर में

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर आज ग्वालियर के दौरे पर रहेंगी। वे महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करेंगी और LNIPE में ‘यशोदा AI’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगी।

दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभागार में आयोग में पंजीकृत शिकायतों की सुनवाई होगी। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

TET के विरोध में शिक्षकों का धरना जारी

टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना आज तीसरे दिन भी जारी रहेगा। अलग-अलग संभागों से शिक्षक चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन में शामिल होंगे।

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की ओर से तीन प्रमुख मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें:

  • TET से मुक्ति: लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग।
  • सेवा गणना: प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि की गणना कर उसी आधार पर वरिष्ठता निर्धारित करने की मांग।
  • ई-अटेंडेंस: शिक्षकों के विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक करने की मांग।

उज्जैन के घटनाक्रम को लेकर भोपाल पुलिस अलर्ट

उज्जैन के घटनाक्रम को देखते हुए भोपाल पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने सभी संगठनों से समन्वय बनाए रखने की अपील की है।

ट्विशा शर्मा केस में समर्थ सिंह की जमानत पर सुनवाई आज

ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। भोपाल कोर्ट में समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। बचाव पक्ष ने जमानत के पक्ष में दलील देते हुए कहा है कि सीबीआई ने मामले में अधूरा आरोप पत्र पेश किया है।

गिरीबाला सिंह की जमानत याचिका भी हाईकोर्ट में दायर है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत जमानत याचिकाओं पर फैसला करेगी।

भोपाल में केक में फफूंद मिलने की शिकायत

राजधानी भोपाल में खाद्य पदार्थ में कथित गड़बड़ी का एक और मामला सामने आया है। एक उपभोक्ता ने केक में फफूंद मिलने की शिकायत खाद्य विभाग से की है।

बताया गया कि उपभोक्ता ने 56 भोग से केक खरीदा था। शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और केक के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

कल होगी भाजपा कोर ग्रुप की बैठक

मध्य प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक बुधवार को बुलाई गई है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्री भी शामिल होंगे। आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों तथा सत्ता और संगठन के बीच समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके अगले दिन नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचय बैठक आयोजित की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!