मानसून की विदाई करीब, अब कई जिलों में खिलेगी तेज धूप; अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट नहीं

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर शुरू होने वाला है। मानसून वापसी की रेखा प्रदेश के पश्चिमी हिस्से तक पहुंच चुकी है और अगले एक-दो दिनों में उज्जैन तथा ग्वालियर संभाग से मानसून की विदाई के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। इस दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई हिस्सों में तेज धूप खिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और पंजाब के कई जिलों से मानसून लौट चुका है। अब मानसून वापसी की रेखा मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से तक पहुंच गई है। ऐसे में प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों से मानसून की विदाई का सिलसिला जल्द शुरू होने की संभावना है।
प्रदेश में अगले चार दिनों तक कोई सक्रिय मानसूनी सिस्टम नहीं है। इसके चलते तेज बारिश का दौर थमने के साथ कई इलाकों में धूप तेज होने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में खिलेगी तेज धूप
आईएमडी के अनुसार बुधवार को प्रदेश के करीब आधे हिस्से में धूप रहने की संभावना है। खंडवा, खरगोन, बड़वानी और बुरहानपुर में तेज धूप खिल सकती है। वहीं कुछ अन्य जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने का अनुमान है।
सामान्य से 1.5 इंच कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक करीब 35.7 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 1.5 इंच कम है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
इनमें इंदौर, उज्जैन, खंडवा, विदिशा, रायसेन, शाजापुर, सीहोर, आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, हरदा, बैतूल, देवास, धार, झाबुआ, मंदसौर, मुरैना, नीमच, नर्मदापुरम और रतलाम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सामान्य औसत की तुलना में करीब 9 से 51 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।



