मोहन यादव का टीकमगढ़-छतरपुर और यूपी दौरा, फर्जी सिम पर पुलिस का बड़ा एक्शन; शराब बिक्री से लेकर भोपाल ट्रैफिक तक बदले नियम

80 आरोपी गिरफ्तार, 1,437 फर्जी सिम जब्त; 25 नवंबर से शराब की गुणवत्ता जांच अनिवार्य, महिला हॉकी में आज भारत की कोरिया से भिड़ंत
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल गतिविधियों को लेकर हलचल तेज है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़, छतरपुर और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वहीं, साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश में 25 नवंबर से शराब बिक्री के लिए गुणवत्ता प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। इधर, भोपाल में मेट्रो निर्माण के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। खेल के मैदान पर महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम कोरिया के खिलाफ उतरेगी।
टीकमगढ़-छतरपुर और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज टीकमगढ़, छतरपुर और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। दिन की शुरुआत भोपाल विधानसभा परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नरेशचंद्र सिंह को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद वे खजुराहो के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री टीकमगढ़ के खरगापुर और छतरपुर जिले के ग्राम सिजई में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद खजुराहो से अयोध्या धाम और गोंडा पहुंचकर चिंमय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान शाम 4:35 बजे 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह, उज्जैन का वर्चुअल शुभारंभ भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात 7:10 बजे भोपाल लौटेंगे।
फर्जी सिम के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 80 आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश में फर्जी सिम कार्ड और साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन FAST 2.0’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में अब तक 100 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान 1,437 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए, जबकि 504 संदिग्ध पीओएस (POS) केंद्रों की पहचान की गई है। इसके अलावा 9 मास्टर सिम, 127 फेक सिम, 31 मोबाइल फोन, लैपटॉप और चार थंब इंप्रेशन मशीनें भी जब्त की गई हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 1,900 से अधिक शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
अभियान के तहत अन्य संदिग्धों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस कार्रवाई की सराहना की है। वहीं, दूसरे राज्यों ने भी मध्यप्रदेश पुलिस से इस अभियान के मॉडल की जानकारी लेने में रुचि दिखाई है।
25 नवंबर से शराब की हर बोतल के लिए गुणवत्ता प्रमाणपत्र अनिवार्य
मध्यप्रदेश में नकली और मिलावटी शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सरकार नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। आगामी 25 नवंबर से प्रदेश में शराब की बिक्री के लिए गुणवत्ता जांच प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।
आबकारी विभाग के निर्देशों के मुताबिक, शराब की गुणवत्ता की प्रयोगशाला में जांच कराना और संबंधित प्रमाणपत्र उपलब्ध रखना जरूरी होगा। दुकानों पर भी प्रमाणपत्र प्रदर्शित करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों और दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार की इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं तक निर्धारित गुणवत्ता वाली शराब पहुंचाना और अवैध कारोबार पर नियंत्रण करना है।
भोपाल में मेट्रो निर्माण से बदलेगा यातायात, 20 दिनों तक रहेगा डायवर्जन
भोपाल में मेट्रो रेल निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पहले चरण में रोशनपुरा चौराहे से राजभवन तिराहे तक निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते करीब 20 दिनों तक वाहन चालकों को परिवर्तित मार्गों से आवागमन करना होगा।
यातायात पुलिस के प्रस्तावित डायवर्जन प्लान के अनुसार, रोशनपुरा से राजभवन की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, कैन प्रधान तिराहा और मछलीघर के रास्ते निकल सकेंगे। वहीं लिंक रोड-1 से आने वाले वाहन अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बट भंडार के रास्ते रोशनपुरा पहुंच सकेंगे। बड़े वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारत और कोरिया के बीच मुकाबला
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह है। टूर्नामेंट के दूसरे मैच डे पर आज तीन मुकाबले खेले जाएंगे।
दिन के प्रमुख मुकाबले में शाम 7 बजे भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। इसके अलावा चीन और मलेशिया तथा थाईलैंड और जापान की टीमें भी आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम की नजरें कोरिया के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन कर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने पर रहेंगी।



