मध्यप्रदेश के 9 जिलों में 20 नवंबर से बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं के आसार; बढ़ेगी ठंड

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। प्रदेश के करीब 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 20 नवंबर से दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड, कई शहरों में गिरा रात का तापमान
मौसम के मौजूदा रुख में प्रदेश के बड़े शहरों में भी ठंड का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों के तापमान आंकड़ों के अनुसार, भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में यह 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर में भी न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा छिंदवाड़ा में 13 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 12.1 डिग्री, दमोह में 12.4 डिग्री और अमरकंटक में 11.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कटनी जिले के करौंदी में पारा 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, खजुराहो में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 नवंबर से नौ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए शक्तिशाली चक्रवाती मौसम तंत्र का असर मध्यप्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में दिखाई दे सकता है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर से उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश की संभावना है।
इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में बादल और सुबह के समय धुंध छाने के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आने और ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में पूर्वी मध्यप्रदेश में 20 से 22 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश की संभावना भी शामिल है।



