17 नवंबर भस्म आरती: दिव्य श्रृंगार में सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पण के बाद भक्तों को दिए दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार, 17 नवंबर को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही गर्भगृह में पूजन-अभिषेक का क्रम शुरू हुआ। इसके बाद बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ज्योतिर्लिंग के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजन के पश्चात भगवान का भांग, चंदन और आभूषणों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।
मंत्रोच्चार के बीच अर्पित की गई भस्म
भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन के बाद कपूर आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म रमाई गई। भस्म अर्पण के बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आभूषणों से सुसज्जित बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल अपने दिव्य स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस विशेष आरती में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।
जयकारों से गूंज उठा महाकाल मंदिर परिसर
भस्म आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और नंदी महाराज के समक्ष शीश नवाया। भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं निवेदित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल और हर हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।



