मध्यप्रदेश

भगवान की रील देखने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, तलवार से पत्नी पर जानलेवा हमला

श्रीराम और महाकाल के वीडियो को लेकर शुरू हुई बहस ने लिया हिंसक रूप; गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में भर्ती, आरोपी पति फरार

ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देखने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक पति पर अपनी पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। बताया गया है कि पत्नी मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थी, जबकि पति उसे भगवान महाकाल के वीडियो देखने के लिए कह रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर संघर्ष में बदल गई। हमले में घायल महिला का अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।

घटना हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील इलाके की है। पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय रीतू उर्फ रेवती तोमर अपनी बच्ची के साथ कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान उनके 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पत्नी से श्रीराम के बजाय महाकाल के वीडियो देखने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि बहस के दौरान पति ने पत्नी को तलाक देने की बात भी कही। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर करनवीर घर के मंदिर में रखी तलवार उठा लाए और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। तलवार के वार से रीतू के सिर और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए वह घर से बाहर भागीं, लेकिन आरोप है कि पति ने पीछा करते हुए उनकी गर्दन और घुटने पर भी वार किए।

लहूलुहान हालत में पड़ोसी के घर पहुंची महिला

गंभीर रूप से घायल रीतू किसी तरह पड़ोसी के घर में दाखिल हुईं और एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। खून से लथपथ हालत में वह वहीं बेहोश हो गईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका उपचार किया जा रहा है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश

सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

घरेलू विवाद के दौरान हुई इस घटना ने गंभीर रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!